विनोद कांबली की तरह बर्बाद हो रहा पृथ्वी शॉ का करियर? सालों पहले ही कोच ने दी थी चेतावनी

भारतीय बल्लेबाज पृथ्वी शॉ अपने करियर की शुरुआत से ही सुर्खियों में रहे हैं। एक समय पर उनकी तुलना सचिन तेंदुलकर और सहवाग जैसे दिग्गज बल्लेबाजों से की जाती थी। उन्होंने छोटी सी उम्र में अपने खेल से खूब नाम और पैसा कमाया। लेकिन पिछले कुछ सालों में उनके खेल में काफी गिरावट आई है। अब हालात ऐसे हो गए हैं कि पृथ्वी शॉ को आईपीएल से भी हटा दिया गया है। हाल ही में हुए आईपीएल मेगा ऑक्शन में उन्हें कोई खरीददार नहीं मिला। इन सबके बीच पृथ्वी शॉ के पूर्व कोच ने उन पर बड़ा बयान दिया है। कोच ने सालों पहले पृथ्वी शॉ को दी थी चेतावनी एक समय था जब पृथ्वी शॉ को टीम इंडिया का भविष्य माना जाता था। लेकिन बेहद कम समय में मिली दौलत और शोहरत को वह संभाल नहीं पाए और आज वह क्रिकेट के मैदान से पूरी तरह दूर हैं। दिल्ली कैपिटल्स के पूर्व कोच प्रवीण आमरे का मानना है कि पृथ्वी शॉ की हालत पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली जैसी हो गई है। प्रवीण आमरे ने कहा, 'जब पृथ्वी दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा थे तो मैंने उन्हें विनोद कांबली का उदाहरण देकर काफी समझाया था। मैंने कांबली के बुरे वक्त को करीब से देखा है। 25 साल की उम्र तक पृथ्वी ने करीब 40-50 करोड़ रुपए कमा लिए थे। इस उम्र में एक आईआईएम ग्रेजुएट भी इतना पैसा नहीं कमा सकता।'
प्रवीण आमरे ने आगे कहा, 'जब आप बहुत कम उम्र में बहुत सारा पैसा और शोहरत कमा लेते हैं, तो आप चमक-दमक में खो जाते हैं। एक युवा खिलाड़ी के लिए अपने जीवन में पैसे का सही इस्तेमाल करना, अच्छे दोस्त बनाना और क्रिकेट को प्राथमिकता देना बहुत जरूरी है। अनुशासनहीनता ने पृथ्वी के करियर को नुकसान पहुंचाया है। वापसी करने और अच्छा प्रदर्शन करने की भूख गायब हो गई है। उनके जैसे टैलेंट को विपरीत दिशा में जाते देखना बहुत निराशाजनक है।'
विनोद कांबली के साथ भी ऐसा ही हुआ। छोटी सी उम्र में सुर्खियों में आए बाएं हाथ के बल्लेबाज विनोद कांबली जितनी तेजी से ऊपर उठे, उनका करियर उतनी ही तेजी से नीचे गिरा। शराब की लत और फिर अनुशासनहीनता के कारण कांबली का करियर बर्बाद हो गया। माना जाता है कि वह क्रिकेट की चकाचौंध में खो गए। धीरे-धीरे उनका बल्लेबाजी प्रदर्शन गिरने लगा। एक समय ऐसा भी आया जब उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा।