ग्लेन मैक्सवेल ने वनडे से लिया सन्यास, 2023 विश्व कप में क्रिकेट इतिहास में खेल कर दिखाई थी सबसे करिश्माई पारी

क्रिकेट न्यूज डेस्क।। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में संन्यास का दौर चल रहा है। रोहित शर्मा के बाद विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया। उसके बाद श्रीलंका के एंजेलो मैथ्यूज ने भी संन्यास की घोषणा कर दी। ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। 36 वर्षीय मैक्सवेल ने 2012 में ऑस्ट्रेलिया के लिए वनडे क्रिकेट में डेब्यू किया था। वह 2015 और 2023 विश्व कप जीतने वाली टीम का भी हिस्सा थे। हालांकि, वह अभी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलते रहेंगे।
मैक्सवेल ने विश्व कप में खेली यादगार पारी
विश्व कप 2023 में ग्लेन मैक्सवेल के बल्ले से अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे इतिहास की सबसे बेहतरीन पारियों में से एक पारी खेली गई। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 292 रनों का लक्ष्य था। टीम के 7 बल्लेबाज 91 रन बनाकर आउट हो गए थे। यहां से हार तय लग रही थी लेकिन फिर मैक्सवेल का तूफान आया। उन्होंने 128 गेंदों में 201 रनों की नाबाद पारी खेली। हैमस्ट्रिंग की वजह से वह चल भी नहीं पा रहे थे। इसके बाद भी बल्लेबाज ने टीम को जीत दिलाई।
चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान बना लिया था मन
ग्लेन मैक्सवेल ने मार्च में ही वनडे क्रिकेट छोड़ने का मन बना लिया था। चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बेली से कहा था कि उन्हें नहीं लगता कि वह 2027 का विश्व कप खेल पाएंगे। मैक्सवेल ने कहा- मुझे लगता है कि अब समय आ गया है कि मेरी जगह खेलने वाले खिलाड़ियों को इसकी योजना बनानी शुरू कर देनी चाहिए। इस मौके को भुनाने की कोशिश करें और 2027 विश्व कप के लिए उस जगह को अपना बनाएं। उम्मीद है कि उन्हें पहले से ही पर्याप्त मौके मिलेंगे ताकि वह उस भूमिका में सफल हो सकें।'
ग्लेन मैक्सवेल का वनडे करियर
ग्लेन मैक्सवेल ने अपने 13 साल के वनडे करियर में 149 मैच खेले। इस दौरान उनके बल्ले से 33.81 की औसत और 126.70 की स्ट्राइक रेट से 3990 रन निकले। इस दौरान उन्होंने 4 शतक और 23 अर्धशतक लगाए। गेंदबाजी में उन्होंने 77 बल्लेबाजों को आउट किया। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 40 रन देकर 4 विकेट रहा। भारत के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी का सेमीफाइनल उनके वनडे करियर का आखिरी मैच था। 4 मार्च को दुबई में खेले गए मैच में मैक्सवेल 7 रन बनाकर अक्षर पटेल की गेंद पर बोल्ड हो गए थे। मैक्सवेल आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स का हिस्सा थे, लेकिन चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।